लोकसभा चुनाव / दिग्विजय सिंह ने कहा- सुमित्रा महाजन का टिकट काटने पर मोदी-शाह को पाप लगेगा

इंदौर.  मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने शुक्रवार को लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर तंज कसा। दिग्विजय सिंह ने कहा कि ताई (सुमित्रा महाजन) का टिकट काटने पर मोदी-शाह को पाप लगेगा। उनका टिकट काटकर अन्याय किया गया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा-  शाह ने कैलाश विजयवर्गीय के कहने पर ताई का टिकट काटा। कैलाश भारी पड़ गया, ताई कमजोर हो गई। ईमानदारी कमजोर पड़ गई और बेईमानी आगे निकल गई।उधर, सुमित्रा महाजन ने कहा कि मुझे ईमानदार कहने के लिए दिग्विजय का धन्यवाद करती हूं। बाकि जो उन्होंने कहा- वह वे ही जानते हैं। मुझसे ज्यादा कैलाश विजयवर्गीय दिग्विजय सिंह के निकट हैं। मुझे इस पर और कुछ नहीं कहना।इंदौर लोकसभा सीट से टिकट की घोषणा में भाजपा हाईकमान के देरी करने पर सुमित्रा महाजन ने एक पत्र जारी कर चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया था। महाजन यहां से लगातार 8 बार से सांसद रहीं। महाजन ने कहा था- भाजपा में उनके टिकट को लेकर असमंजस है और निर्णय लेने में दिक्कत हो रही है। इसलिए अब लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी। पार्टी को अब इंदौर सीट पर जल्द नाम तय करना चाहिए। इसके बाद भाजपा ने यहां से शंकर लालवानी को उम्मीदवार बनाया है। इंदौर में आखिरी चरण यानी 19 मई को मतदान है।